वैर पुलिस ने चार साल पुराने बालक गोलू हत्याकांड का पर्दाफाश

0
52
- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भरतपुर। वैर थाना पुलिस ने वर्ष 2021 से लंबित चल रहे दो वर्षीय बालक गोलू के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में गांव नगला खरबेरा निवासी तांत्रिक विजयसिंह जाटव (68) पुत्र हरफूल जाटव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने रंजिशवश बालक का अपहरण कर धारदार हथियार से सिर काटकर उसकी हत्या की थी।
घटना की पृष्ठभूमि
यह मामला दिसंबर 2021 का है। नगला खरबेरा निवासी बनैसिंह जाटव ने रिपोर्ट दी थी कि उसके भाई बलवीर का बेटा गोलू दोपहर करीब 12 बजे घर से खेलने निकला और वापस नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने बालक की तलाश में डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और साइबर सेल की मदद से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब तीन सप्ताह बाद, 9 जनवरी 2022 को गांव के पास जंगल में एक बालक की कटी हुई खोपड़ी मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
डीएनए जांच में यह खोपड़ी बालक गोलू की ही पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में परिवर्तित कर आगे की जांच शुरू की।
कैसे पहुंची पुलिस तक गुत्थी की कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। यहां तक कि कुछ का पॉलीग्राफी, ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट भी करवाया गया, परंतु कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
इसी बीच पुलिस ने गांव के ही तांत्रिक विजयसिंह को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या का कारण
आरोपी ने खुलासा किया कि बालक के पिता बलवीर का एक महिला से प्रेम संबंध था, और वह भी उसी महिला के संपर्क में आना चाहता था। जब महिला ने संबंध बनाने से इनकार किया और शिकायत की धमकी दी, तो विजयसिंह ने बदला लेने की ठान ली।
रंजिश के चलते आरोपी ने 18 दिसंबर 2021 को गोलू का अपहरण कर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
वैर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से और पूछताछ जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here