लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर।
गोनेर रोड स्थित श्री गोपाल सागर आश्रम में रविवार को श्री विधान परिक्रमा महोत्सव का दृश्य अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक था। लगातार चार दिन से आश्रम परिसर में रामधुनी की गूंज रही और हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु पंगत प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं।
झांकी और भव्य सजावट
महोत्सव के तहत रविवार को हनुमान जी और वानर सेना की मनोहारी झांकी सजाई गई। सुवासित चंदन, घंटों-घड़ियाल की ध्वनि, सीताराम की लोकधुन और रामायण की चौपाइयों की गूंज ने परिसर को आध्यात्मिक माहौल से भर दिया। 
भजन संध्या का अद्भुत अनुभव
शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें आकाशवाणी, दूरदर्शन और लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे थे।
-
ढूंढाड़ी भाषा में बाबा चेतनदास और भजनानंद महाराज के भजन जनमानस को भावविभोर कर रहे थे।
-
लोक कलाकार रमेश छीपा और कालूराम चौधरी ने भजनों से कार्यक्रम में समां बांधा।
-
दीपक कुमावत और कैलाश शर्मा छांदेल ने सीताराम की लोकधुन पर भजन प्रस्तुत किए।
श्रद्धालु भजनों में नृत्य करते हुए भगवान को प्रसन्न कर रहे थे। इस अवसर पर मिथिला बिहारी महाराज और अयोध्या से आए लक्ष्मण किलाधीश जी ने आशीर्वचन भी दिए।
पंगत प्रसादी और आगामी शोभायात्रा
भजन संध्या के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।
आश्रम के लक्ष्मी निधि सरजू बिहारी ने बताया कि मंगलवार को जगदीश मंदिर, गोनेर से भव्य शोभायात्रा विधानी के लिए रवाना होगी। इस शोभायात्रा में ठाकुर जी सहित अनेक सजीव झांकियां शामिल होंगी। श्रद्धालु रामधुनी करते हुए यात्रा में सम्मिलित होंगे और मार्ग में स्थानीय निवासी भगवान की आरती करेंगे।















































