लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
#रियांबड़ी( नागौर )। – रियाँबड़ी उपखण्ड के ग्राम थांवला में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। श्री रोशन मीना, पुलिस अधीक्षक नागौर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पशु चारा बेचने की आड़ में ऑनलाइन गेमिंग बुक के नाम पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इस अवैध गतिविधि के जरिए आमजन को लालच देकर अब तक करीब 8 से 10 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों—भूराराम, पवन और रवि—को सरहद किला रोड के पास स्थित एक फार्म हाउस से गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 13 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 19 एटीएम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 1 बैंक चेक बुक और वाई-फाई उपकरण सहित अन्य सामान जब्त किया है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से 3.87 करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब-किताब दर्ज एक डायरी भी बरामद की गई है, जिससे इस नेटवर्क के बड़े स्तर पर संचालित होने की पुष्टि होती है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विभिन्न राज्यों से फर्जी तरीके से बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड किराए पर लेकर इस सट्टेबाजी के कारोबार को अंजाम देते थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।
इस पूरी कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) नागौर और थाना थांवला पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।







































