लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
नवीन कुमावत, मंढाभीमसिंह।
किशनगढ़ रेनवाल तहसीलदार कोमल यादव ने शुक्रवार को राजकीय आयुर्वेद औषधालय, मंढाभीमसिंह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया और एनसीडी (गैर-संचारी रोग) सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी ली।
प्रभारी डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर सर्वेक्षण कर 1235 लोगों के स्वास्थ्य फॉर्म भरे, जिनमें से 237 उच्च रक्तचाप एवं 29 मधुमेह रोगी चिन्हित हुए। उन्हें नियमित चिकित्सा परामर्श और जीवनशैली सुधार हेतु मार्गदर्शन दिया गया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार-विहार एवं योग प्राणायाम से ऐसे रोगों की रोकथाम संभव है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार यादव ने औषध वितरण, रक्त परीक्षण, परामर्श व्यवस्था एवं स्वच्छता की स्थिति की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर कंपाउंडर दिनेश कुमार सेपट, सचिन कुमावत, योग प्रशिक्षक सायरमल यादव एवं पायल कुमावत उपस्थित रहे।
















































