लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आस्था और विरासत के संरक्षण से मिलेगा विकास को नया आयाम-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान केवल शौर्य और पराक्रम की भूमि ही नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और विश्वास की भी पावन धरा है। प्रदेश के आस्था स्थलों का संरक्षण और विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्री ओम बन्ना मंदिर के विस्तार के लिए भूमि आवंटन इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर श्री ओम बन्ना मंदिर के लिए भूमि आवंटन के उपलक्ष्य में आयोजित आभार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाली जिले के चोटिला स्थित श्री ओम बन्ना मंदिर के विस्तार एवं सुव्यवस्थित विकास के लिए राज्य सरकार ने भूमि आवंटित की है। उन्होंने कहा कि श्री ओम बन्ना के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है और लोग उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से रक्षा करने तथा मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रद्धापूर्वक पूजते हैं। 
‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र पर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी–विकास भी’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पृथ्वीराज चौहान, मीरा बाई, राणा सांगा, हाड़ी रानी और वीर शिरोमणि राव चंद्रसेन सहित अनेक महापुरुषों के पैनोरमा विकसित किए जा रहे हैं।
धार्मिक शहरों में बनेंगे हेरिटेज वॉक-वे
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, केशोरायपाटन, डीग और चित्तौड़गढ़ जैसे प्रमुख धार्मिक नगरों में हेरिटेज वॉक-वे का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, किराडू मंदिर समूह के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार और शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण का कार्य भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पाली के करुणामूर्ति धाम तथा ब्यावर के मकरमंडी माताजी मंदिर में भी विकास कार्य कराए जाएंगे।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थयात्रा योजना का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक एक लाख से अधिक वरिष्ठजन विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। इस वर्ष भी हजारों वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ तथा वातानुकूलित ट्रेनों से देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा कराई जाएगी।
देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं के लिए बनेगी नई नीति
उन्होंने कहा कि देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं का जीर्णोद्धार कराया जाएगा तथा विभाग की खाली भूमि पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशालाओं के निर्माण एवं संचालन हेतु नई नीति बनाई जाएगी। इसके अलावा दीपावली, होली, शिवरात्रि, रामनवमी और गुरु पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्वों पर मंदिरों में विशेष सजावट और आरती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पानी, बिजली, रोजगार और किसानों के कल्याण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पानी और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया है तथा युवाओं के लिए रिकॉर्ड सरकारी भर्तियों और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों और पशुपालकों के हित में भी अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जहां आस्था का सम्मान होता है, वहां संस्कृति मजबूत होती है, समाज संगठित होता है और विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकसित, समृद्ध और गौरवशाली राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, श्री ओम बन्ना मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, मारवाड़ राजपूत सभा के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।













































