लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पुरानी बावड़ी गणेश मंदिर प्रांगण में आज शाम होगा शुभारंभ
सलुम्बर जिले के सेमारी कस्बे में धार्मिक उत्साह का माहौल है। कस्बे की पुरानी बावड़ी स्थित श्री गणेश जी मंदिर परिसर में नौ दिवसीय रामकथा एवं रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के शुभारंभ को लेकर नगर में पत्रक एवं निमंत्रण पत्रिकाएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन राम सीता धर्म संस्कार रामायण प्रचारक रामकथा मंडल प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) के महंत पंडित सुनीलजी शास्त्री, पंडित कपिलदेव शुक्ल, पंडित कृष्णकुमार ओझा एवं उनकी सहयोगी टीम के सान्निध्य में किया जा रहा है। इस आयोजन में समस्त ग्रामवासी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
रामकथा-रामलीला प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक आयोजित होगी। धर्मप्रेमी सज्जनों, साधकों और भक्तों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में धर्मसभा में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
कथा के दौरान “रामकथा सुंदर करतारी, संशय विहग उड़ावन हारी।
तुलसी इस संसार में पाँच रत्न है सार — संत मिलन, हरि कथा, दया, दान, उपकार।”
जैसे पावन दोहे श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और प्रेरणा का संचार करेंगे।
कार्यक्रम की सफलता के लिए रामकथा-रामलीला मंडल ने समाजसेवियों एवं भक्तों से नेक कमाई से नेक दान कर सहयोग करने का अनुरोध किया है।

















































