लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द (गौतम शर्मा)। कुंवारिया थाना क्षेत्र की कुरज पुलिस चौकी में मंगलवार को थाना प्रभारी सीआई रामचंद्र कुमावत की अध्यक्षता में सर्कल लेवल कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुलिस-जन सहयोग को और सशक्त बनाना और ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा से संबंधित जानकारी देना था।
सीआई कुमावत ने सभी सीएलजी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और सर्कल में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराधों को समय रहते रोका जा सके। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का भरोसा भी दिलाया।
बैठक में बानास नदी पर स्थित पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। सीएलजी सदस्यों ने इसकी शीघ्र मरम्मत की मांग की, जिससे संभावित हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने संबंधित विभाग तक समस्या पहुंचाने का आश्वासन दिया।
सीआई कुमावत ने रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस-युवा मित्रों के माध्यम से सहयोग लेने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में पूर्व सरपंच अनिल चौधरी, अरुण बोहरा, जुन्दा सरपंच मिठुसिंह चौहान, पूर्व उपसरपंच कमलेश राजोरा, महिला सीएलजी सदस्य राधा रानी राजोरा, लक्ष्मी वीरवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिला-पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई और पुलिस-ग्रामीण बेहतर समन्वय का स्पष्ट संदेश दिया।

















































