सरस उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग के लिए बनाएं प्रभावी कार्ययोजना – मुख्यमंत्री

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार दुग्ध उत्पादकों और उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए इसे और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सरस उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन व्यवस्था और विस्तार योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरस उत्पादों की उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए बेहतर मार्केटिंग के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही विकसित ग्राम एवं विकसित वार्ड अभियान के तहत प्राप्त जानकारी के आधार पर नए डेयरी बूथ स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना जैसी योजनाएं पशुपालकों के लिए आर्थिक संबल बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरस ब्रांड के उत्पाद अब गुणवत्ता और भरोसे का प्रतीक बनते जा रहे हैं।

बैठक में सरस ब्रांड के विस्तार के लिए सरस स्मार्ट, सरस कैफे और सरस सिग्नेचर प्लाजा जैसे आधुनिक आउटलेट्स स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। खाटू श्यामजी, सालासर, नाथद्वारा, पुष्कर और अजमेर जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर इन आउटलेट्स के माध्यम से ब्रांड को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंडों और पर्यटन स्थलों पर सरस स्मार्ट पार्लर का संचालन राजीविका के माध्यम से किया जाए। साथ ही अन्य राज्यों में सरस उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए निजी संस्थानों से अनुबंध की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

सरकार ने जानकारी दी कि वर्तमान में राज्य में प्रतिदिन लगभग 45 लाख लीटर दुग्ध संकलन हो रहा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से 85 लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाने का लक्ष्य है। इसके लिए नई दुग्ध सहकारी समितियां स्थापित की जा रही हैं और दूध खरीद दर भी बढ़ाई गई है ताकि पशुपालकों को बेहतर लाभ मिल सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि लगभग 530 करोड़ रुपये की लागत से नए दूध प्रसंस्करण प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं और मौजूदा इकाइयों का विस्तार किया जा रहा है।

इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here