लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन, अजमेर। (स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी) बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अजमेर डिस्कॉम द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण उजाला योजना के तहत एलईडी बल्ब वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सहायक अभियंता कार्यालय सराधना के अनुसार, सराधना में 23, 24 एवं 25 जून 2026 को शिविर लगाए जाएंगे, जबकि मांगलियावास में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय पर 23 जून को एक दिवसीय शिविर आयोजित होगा। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होंगे।
₹40 में मिलेंगे एलईडी बल्ब
योजना ‘प्रोजेक्ट शाइन शक्ति’ के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को ₹40 प्रति बल्ब की रियायती दर पर 9 वाट और 12 वाट के एलईडी बल्ब उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक उपभोक्ता को न्यूनतम 5 और अधिकतम 10 बल्ब दिए जाएंगे।
पांच बल्बों के सेट में 3 बल्ब 9 वाट और 2 बल्ब 12 वाट क्षमता के होंगे। सभी बल्बों पर 2 वर्ष की कंपनी गारंटी दी जाएगी।
बिजली बिल लाना अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को अपना नवीनतम बिजली बिल साथ लाना होगा। इसी के आधार पर पात्रता की जांच की जाएगी।
अजमेर डिस्कॉम के सहायक अभियंता सराधना एवं कनिष्ठ अभियंता मांगलियावास जगवीर यादव ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे बिजली बिल में बचत के साथ ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।




















































