लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महाकाल नगरी से सीधी कनेक्टिविटी
चौमहला, झालावाड़। झालावाड़ जिले में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेलवे बोर्ड ने कोटा–चौमहला मेमू ट्रेन को उज्जैन तक विस्तारित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 मार्च को सांसद दुष्यंत सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर 17 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें कोटा–चौमहला मेमू (61623/61624) को उज्जैन तक बढ़ाने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल था।
रेलवे बोर्ड द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद अब यह ट्रेन मध्यप्रदेश के उज्जैन तक संचालित होगी, जिससे श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। इससे धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय आवागमन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
हालांकि कोटा–नागदा मेमू (61616/61615) ट्रेन अब भी चौमहला तक ही सीमित रहेगी।
स्थानीय लोगों में खुशी
ट्रेन विस्तार की घोषणा के बाद चौमहला और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासी गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय व्यापार और धार्मिक यात्रा दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।
ग्रामीण पर्वत सिंह और तेजसिंह विश्निया ने कहा कि अधिक मास और धार्मिक अवसरों के दौरान उज्जैन तक सीधी ट्रेन सेवा श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी।












































