लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क सुरक्षा अभियान के राज्य स्तरीय समारोह में की शिरकत
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर के जनपथ स्थित अमर जवान ज्योति पर आयोजित सड़क सुरक्षा अभियान के राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया और उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने की अपील की।
घायलों की जान बचाने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया। उन्होंने इन ‘जीवन रक्षकों’ के साहस और मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। सम्मानित होने वालों में संदीप गुप्ता, नितेश यादव, सुनील सिरवी, संजय कुमार एवं सुरता देवी शामिल रहे।
जन-जागृति रथों और ऑटोरिक्शा को किया रवाना
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा जन-जागृति रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 500 ऑटोरिक्शा को भी फ्लैग ऑफ किया गया। ये सभी वाहन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
दिव्यांगजनों को हेलमेट, वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को हेलमेट वितरित किए तथा व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाकर सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा का संदेश देने वाले गुब्बारे भी हवा में छोड़कर जन-जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक डॉ. गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और आमजन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।















































