लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर क्षेत्र में बीती देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रडेवाला रोड पर सतपाल रेवाड़ की ढाणी के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव 9F माझीवाला निवासी चिमन लाल नायक देर रात बाइक से श्रीकरणपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चिमन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीकरणपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।



















































