लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। पवित्र रमजान माह के अवसर पर नागौर स्थित सूफी साहब की दरगाह में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना इंसानियत, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इफ्तार कार्यक्रम में हाजी शमशेर खान, सैयद सदाकत सुलेमानी, शहर काजी मिराज उस्मानी, शौकत नूर खान, मोइनुद्दीन बेहलीम, तबरेज खान, नदीम खान, आरिफ गोरी, इलियास गोरी, निसार खान सोडा, खालिद हुसैन, असलम मुल्तानी, याकूब लदावत, शराफत अंसारी, कमल हसन, रफीक भाटी, अब्बास खान सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ की।
आवास पर की जनसुनवाई
इस दौरान सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपने आवास पर नियमित जनसुनवाई भी की। उन्होंने नागौर सहित विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नागौर में नवोदय विद्यालय की मांग
जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) एल्युमिनी से जुड़े प्रतिनिधियों ने सांसद को नागौर में नवोदय विद्यालय स्वीकृत करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस पर सांसद बेनीवाल ने कहा कि वे पहले भी इस विषय में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से चर्चा कर चुके हैं और आगामी लोकसभा सत्र के दौरान पुनः इस मुद्दे को उठाएंगे।
मुंडवा में हुआ स्वागत
मुंडवा में आरएलपी से नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष कंदोई के आवास पर स्थानीय लोगों ने सांसद हनुमान बेनीवाल का स्वागत किया। इस दौरान मुंडवा के नागरिकों ने ऋषिकेश-बाड़मेर ट्रेन का ठहराव करवाने पर सांसद का आभार व्यक्त किया। बेनीवाल ने कहा कि जम्मू तवी और संपर्क क्रांति ट्रेन का भी मुंडवा स्टेशन पर ठहराव करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।














































