रूण रोड पर दर्दनाक हादसा: लोडिंग जीप और स्कूटी की भिड़ंत, एक की मौत

0
27
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर/मूण्डवा (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर जिले के मूण्डवा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह दुर्घटना खजवाना कस्बे के रूण रोड पर बाईपास के पास दोपहर करीब 3 बजे हुई, जहां लोडिंग जीप और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे में मृतक की पहचान देवकिशन पुत्र दाऊलाल सोनी, निवासी पीपड़ सिटी (हाल निवासी मेड़ता सिटी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देवकिशन मेड़ता सिटी से रूण होते हुए अपने ननिहाल खजवाना जा रहा था, तभी सामने से आ रही लोडिंग जीप ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस के चालक राकेश महिया और ईएमटी पूनमचंद ने घायलों को मूण्डवा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देवकिशन को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी हबीब खां मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एएसआई रामस्वरूप विश्नोई भी पुलिस जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। मृतक के भाई रविन्द्र की रिपोर्ट पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

लोडिंग जीप चालक रामलाल (निवासी खजवाना) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया गया कि मृतक देवकिशन अपने परिवार का पालन-पोषण सोने के जेवरात बनाने के काम से करता था। उसके पीछे छह साल की एक बेटी है। परिवार पहले ही पिछले वर्ष बड़े भाई की मौत का दुख झेल चुका है, ऐसे में यह हादसा उनके लिए दूसरा बड़ा सदमा बनकर आया है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here