लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वरिष्ठ संगठनकर्ता अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किए जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार का व्यापक संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण और कुशल नेतृत्व राजस्थान भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा संगठन विस्तार और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
संघ प्रचारक से संगठन महामंत्री तक का सफर
मदन राठौड़ ने बताया कि अजेय कुमार राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र में एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में श्रीनगर गढ़वाल से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने श्रीनगर, हरिद्वार और हल्द्वानी में नगर प्रचारक, ऊधमसिंह नगर में जिला प्रचारक तथा अल्मोड़ा विभाग में विभाग प्रचारक के रूप में कार्य किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर में भी विभाग प्रचारक के रूप में संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तराखंड भाजपा में निभाई अहम भूमिका
राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार ने मेरठ प्रांत में प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख के रूप में भी कार्यकर्ताओं का वैचारिक मार्गदर्शन किया। वर्ष 2018 में उन्हें भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया था। इसके बाद वर्ष 2019 से वे उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।
उनके कार्यकाल में उत्तराखंड भाजपा ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, बूथ सशक्तिकरण और राष्ट्रीय अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजेय कुमार को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में उनकी नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रभावी नेतृत्व क्षमता और परिणाम देने वाली कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुभवी और सक्षम संगठनकर्ता ही संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अजेय कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजस्थान भाजपा संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनोन्मुखी बनेगा।
उन्होंने कहा कि अजेय कुमार के व्यापक अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पित नेतृत्व से भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प को नई गति मिलेगी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया हर्ष
अजेय कुमार की नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, नाहर सिंह जोधा, ज्योति मिर्धा, अल्का मूंदड़ा, सरिता गेना, बिहारीलाल विश्नोई, छगन माहुर, हकरू भाई मईड़ा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि अजेय कुमार के नेतृत्व में राजस्थान भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर जनसेवा तथा संगठन विस्तार के नए आयाम स्थापित करेगा।















































