लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राजसमंद जिले में मार्बल एसोसिएशन के सम्मानित पदाधिकारियों, व्यापारियों व उद्यमियों संग महत्वपूर्ण बैठक की
-राजस्थान का मार्बल उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
राजसमंद। राजस्थान सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राजसमंद जिले में मार्बल एसोसिएशन के सम्मानित पदाधिकारियों, व्यापारियों व उद्यमियों संग महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान राज्य के मार्बल उद्योग से जुड़े विविध मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें खनन की अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृतियाँ, श्रमिकों की समस्याएं, और निर्यात को प्रोत्साहन देने से संबंधित बिंदु प्रमुख रहे।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान का मार्बल उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उद्योग से जुड़ी सभी जायज समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाएगा और नीति-निर्माण में उद्योग के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मार्बल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री को विभिन्न चुनौतियों से अवगत कराया और उद्योग की बेहतरी के लिए सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं आदरणीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के कुशल नेतृत्व और यशस्वी मार्गदर्शन में राजस्थान के मार्बल उद्योग, उद्यमियों और निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए हम सदैव प्रयासरत हैं। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा बैठक के दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा की।














































