लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां सिटी | रिपोर्टर: मनीष पारीक।
श्रीमती रूकमणी देवी रामदेव लढ़ा राजकीय महाविद्यालय, नावां में गुरुवार 08 जनवरी 2026 को नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित नशा मुक्ति केन्द्र के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लाला राम, नर्सिंग ट्यूटर, राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, नावां सिटी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में नशे की परिभाषा, नशे के विभिन्न प्रकार, तंबाकू सेवन से युवाओं पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभाव तथा तंबाकू से होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त भारत अभियान सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संयोजक डॉ. गजेन्द्र कुमार जांगिड़ ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वन्दना चौधरी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. विजय कुमार बंशीवाल, गुमानाराम सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।













































