लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरजू बिश्नोई गैंग के सदस्य को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के गुर्गे और हिस्ट्रीशीटर संजीव को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में संजीव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस सूत्रों के अनुसार संजीव बाइक पर सवार होकर रिक्को पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान पहले से सतर्क सदर थाना पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली संजीव के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
घायल संजीव हिंदुमलकोट क्षेत्र का निवासी है और एक हिस्ट्रीशीटर के रूप में जाना जाता है। उस पर पहले भी रंगदारी और फायरिंग के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह कुख्यात गैंगस्टर आरजू बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है।
इलाके में अलर्ट, जांच जारी
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। एसपी हरी शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों के बारे में भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

















































