प्रतापपुरा में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का कहर, किसान को लाखों का नुकसान

0
51
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

निवाई (टोंक)। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुनारा के ग्राम प्रतापपुरा में शनिवार दोपहर अचानक आए तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कुदरत के इस कहर से स्थानीय किसान रामरतन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

ग्रामीणों के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश तथा ओलावृष्टि शुरू हो गई। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसान रामरतन के मकान की एक पक्की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से वहां खड़ा ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के दौरान पास में बंधा भैंस का एक बछड़ा भी मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मूसलाधार बारिश के कारण किसान द्वारा संग्रहित लगभग 20 बोरी गेहूं भीगकर खराब हो गई, जिससे फसल को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

इसके अलावा तेज आंधी के चलते पशुओं के लिए रखा गया चारा भी उड़कर नष्ट हो गया। इससे पशुपालक परिवार के सामने पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का सर्वे करवाकर प्रभावित किसान को उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान करने की मांग की है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद किसान परिवार चिंता में है और सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here