विश्व साइकिल दिवस पर नागौर पुलिस की साइकिल रैली एवं योगाभ्यास आयोजन

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया अभियान के तहत नागौर पुलिस द्वारा “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के तहत प्रातः 6:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय से साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया। रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रिजर्व पुलिस लाइन नागौर तक निकाली गई। इसमें उप अधीक्षक पुलिस यातायात उम्मेद सिंह, थानाधिकारी कोतवाली नागौर, सदर नागौर, संचित निरीक्षक पुलिस लाइन नागौर सहित जिला मुख्यालय पर पदस्थापित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। साथ ही नागौर शहर के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आमजन को नियमित साइकिल चलाने और दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली के पश्चात रिजर्व पुलिस लाइन नागौर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। योग सत्र में प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, योग और अनुशासित दिनचर्या के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इसे सफल बनाया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here