पीसांगन क्षेत्र में मेघों की मेहरबानी, झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीसांगन (अजमेर)। (ओमप्रकाश चौधरी) विदा होते जेठ माह के अंतिम दिनों में आखिरकार मौसम ने करवट ली और पीसांगन उपखंड क्षेत्र में मेघों ने राहत की फुहारें बरसाईं। दोपहर बाद आसमान में बढ़ी हलचल के बाद शाम होते-होते बादलों ने राग मेघ मल्हार छेड़ दिया, जिससे किसानों और आमजन को बड़ी राहत मिली।

उपखंड क्षेत्र के रामपुरा डाबला, फतेहपुरा, सेठन, गोविंदगढ़ सहित कई गांवों में तेज हवाओं के साथ करीब 15 से 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। वहीं पीसांगन मुख्यालय पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली।

जानकारी के अनुसार दोपहर बाद आसमान में बादलों का जमाव शुरू हुआ। इस दौरान पीसांगन मुख्यालय सहित सामला और कालेसरा क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। शाम करीब पांच बजे मौसम ने फिर करवट ली और कई गांवों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया।

किसानों का कहना है कि फसल बुवाई के बाद पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण चिंता बढ़ रही थी, लेकिन समय पर हुई इस बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को नई ऊर्जा दी है। बारिश के बाद खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार को गति मिलेगी और किसानों को अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।

बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं दिनभर की गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने भी राहत महसूस की। बच्चों ने भी बारिश का जमकर आनंद लिया और फुहारों में भीगकर मौसम का स्वागत किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here