लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)।
रिपोर्ट: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन उपखंड की ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला स्थित गांव की नाड़ी में अज्ञात कारणों से हजारों मछलियों के मृत मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, वहीं पंचायत प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब वे नाड़ी के किनारे पहुंचे तो पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पानी से दुर्गंध आने और उसका रंग बदलने पर लोगों ने आशंका जताई कि पानी में किसी प्रकार की अशुद्धि मिल गई होगी या फिर ऑक्सीजन की कमी के कारण मछलियों की मौत हुई होगी।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला की प्रशासक सीमा चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी मनीष जैसवानी, वार्ड प्रतिनिधि मनोज कुमार सेन एवं विष्णुदत्त वैष्णव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासक सीमा चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पंचायत प्रशासन ने लगातार तीन दिनों तक नाड़ी की सफाई अभियान चलाया। मृत मछलियों को बाहर निकलवाकर जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर वैज्ञानिक तरीके से दफनाया गया। साथ ही नाड़ी के बीच और किनारों पर पेड़ों की टहनियों में फंसी मृत मछलियों को नाव की सहायता से बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों की सलाह पर पानी की अशुद्धि दूर करने के लिए नाड़ी में लाल दवा और चूने का छिड़काव भी कराया गया है। हालांकि, मछलियों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और इसकी जांच जारी है।
इस घटना से पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि इसी नाड़ी का पानी आसपास के पशुओं के पीने के लिए उपयोग में लिया जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की गुणवत्ता की जांच कर शीघ्र कारणों का खुलासा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।


















































