लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टोंक/पीपलू | (अजय राज) राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जेबाड़िया में निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रधानाध्यापक राकेश मीणा को शिक्षा विभाग ने एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया है। उन्हें मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय उनियारा में लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को सीबीए आकलन परीक्षा निरीक्षण एवं शाला संबलन अवलोकन के तहत मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती कृष्णा चौधरी ने उड़नदस्ता दल के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि प्रधानाध्यापक राकेश मीणा बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इसके अलावा रिकॉर्ड जांच के दौरान परीक्षा दायित्वों के निर्वहन में भी लापरवाही सामने आई, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया।
सीबीईओ पीपलू द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा), अजमेर संभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को एपीओ करने के आदेश जारी किए।
उड़नदस्ता दल में एसीबीईओ नरेन्द्र कुमार सोगानी एवं ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति रविन्द्र कुमार विजयवर्गीय भी शामिल थे। मामले में संबंधित कार्मिक एवं पंचायत पदेन प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सोहेला लाल शर्मा से भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

















































