लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पहले 100 दिनों की कार्ययोजना पर होगा मंथन, स्वच्छता-पानी-सड़क-बिजली समेत शहरों की मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार, 5 अक्टूबर को प्रदेश के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौर, उपमहापौर, सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष और उपाध्यक्षों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगे। बैठक में नगरीय निकायों की पहले 100 दिनों की कार्ययोजना पर चर्चा के साथ शहरों के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
100 दिन की कार्ययोजना से शहरों के कायाकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित शहरों से ही विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा। राज्य सरकार शहरों को सुंदर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि समग्र रोडमैप के साथ 100 दिवसीय कार्ययोजना के जरिए नगरीय निकायों के विकास को गति दी जाएगी। स्थानीय जरूरतों के अनुसार प्राथमिकताएं तय कर शहरों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
पानी, बिजली, सड़क और स्वच्छता पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहरों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और पार्कों सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पार्षदों को साथ लेकर विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर राज्य सरकार तथा स्थानीय निकायों के समन्वित प्रयासों से शहरों के विकास को नई गति दी जाएगी। स्थानीय आवश्यकताओं और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर रहेगा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।























































