नौंतपा की भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज, श्रीगंगानगर में बारिश 

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)।
भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में स्थित श्रीगंगानगर जिले में नौंतपा की भीषण गर्मी और तेज लू के बीच गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर में बादलों की आवाजाही के बाद हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से आमजन बेहाल नजर आए। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखने को मिली। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था।

शाम होते-होते मौसम का मिजाज अचानक बदला और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। कई स्थानों पर बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए।

शहरवासियों ने कहा कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। वहीं किसानों ने भी मौसम परिवर्तन को फसलों और वातावरण के लिए लाभदायक बताया।

मौसम विभाग ने पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के उत्तरी जिलों में मौसम परिवर्तन, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। विभाग की यह भविष्यवाणी गुरुवार को सही साबित हुई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दो दिनों तक जिले में आंधी, बादलवाही और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here