लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पात्र लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे, ग्रामीणों से लिया फीडबैक
ग्रामीणों से शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने का किया आह्वान
पाली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया तथा शिविर में मिल रही सुविधाओं और सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से किसान, मजदूर, गरीब, दिव्यांग, महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के शुद्धिकरण जैसे कार्यों के कारण पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करना आसान हो रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, रास्तों एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण, पेंशन सत्यापन सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही किसानों को मृदा परीक्षण, बीज मिनीकिट एवं फलदार पौधे उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी लोगों को मिल रहा है। वहीं पशुपालकों को पशुओं की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जागरूक होकर इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
नाम शुद्धिकरण से मिला योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने एक किसान के उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि उसकी जमाबंदी में नाम “ओट सिंह” दर्ज था, जबकि शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों में “अर्जुन सिंह” नाम अंकित था। इस त्रुटि के कारण किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। शिविर में नाम शुद्धिकरण होने के बाद अब वह सभी पात्र योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेगा।
लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने हजाराम, भैराराम और मांगीलाल को विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू श्रेणी के तहत पट्टे वितरित किए। वहीं अजु देवी को पुराने मकान के विनियमितीकरण तथा कपूराराम को रियायती दर पर पट्टा आवंटन के प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेंद्र सिंह, केसाराम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


















































