लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली/जयपुर। (रितु मेहरा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली दौरे के दौरान सोमवार देर रात और मंगलवार को केंद्र सरकार के छह वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठकों में ऊर्जा, शहरी विकास, कृषि, खाद्य सुरक्षा, जल संसाधन, परिवहन और वित्तीय सहयोग से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम विकास चौपालों की सराहना की
केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार एवं आजीविका मिशन को व्यवस्थित रूप से लागू किया गया है और गांवों में विकास कार्यों को गति मिली है।
चौहान ने मुख्यमंत्री की ग्राम विकास चौपाल पहल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि गांवों में जाकर सीधे लोगों की समस्याएं सुनना एक सराहनीय नवाचार है।
एमएसपी पर गेहूं खरीद में राजस्थान की उपलब्धि की सराहना
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न भंडारण क्षमता बढ़ाने और आधुनिक वेयरहाउस विकसित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद के क्षेत्र में राजस्थान ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने इसे केंद्र और राज्य सरकार के मजबूत समन्वय का परिणाम बताया।
इसके अलावा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के विकास पर भी चर्चा हुई।
ई-बस सेवाओं और मेट्रो विस्तार पर हुई चर्चा
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक में राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने, शहरी विकास योजनाओं और आवास परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रदेश में ई-बस सेवाओं के विस्तार और मेट्रो नेटवर्क को आगे बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा हुई।
जल परियोजनाओं पर केंद्र से सहयोग
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल के साथ बैठक में जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना और राम जल सेतु लिंक परियोजना सहित राज्य की प्रमुख जल परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना पर सकारात्मक संवाद हुआ।
निर्मला सीतारमण से विकास और वित्तीय सहयोग पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा केंद्र-राज्य समन्वय को और मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई।
नितिन गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा
इससे पहले सोमवार देर रात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राजस्थान में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर चर्चा की।








































