लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भाजपा की अजमेर एवं बीकानेर संभाग स्तरीय बैठकों में रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद कर संगठनात्मक मजबूती और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में अजमेर संभाग के भाजपा जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष तथा विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, सांसद सी.पी. जोशी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री बोले — “दो साल में पिछली सरकार से कई गुना अधिक काम किया”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते दो वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में कई गुना ज्यादा कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहां हर कार्यकर्ता एक गुलदस्ते की तरह एकजुट होकर काम करता है और हर किसी को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलता है। सीएम ने मंडल स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया।
राठौड़ का कांग्रेस पर हमला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने पंचायत चुनाव से पहले अपने हितों को साधने के लिए वार्डों का असमान पुनर्गठन किया। साथ ही राजनीतिक लाभ के लिए जिलों का जल्दबाजी में गठन किया गया।
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में पिछले दो वर्षों में कई उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और वर्षों से अटके महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आगे बढ़े हैं।
भाजपा की इन संभाग स्तरीय बैठकों में मंडल अध्यक्ष स्तर तक के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और संगठनात्मक रणनीति पर व्यापक चर्चा की गई।















































