लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
17 सितंबर से ग्राम पंचायतों में सेवा शिविर
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में जनहित और विकास से जुड़ा विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। 17 सितंबर (बुधवार) से प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आमजन को मौके पर राहत देने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिविरों में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाएँ, आधार कार्ड वितरण, पशु चिकित्सा सेवाएँ, बिजली रखरखाव, वृक्षारोपण, भूमि विवादों का निस्तारण, बीपीएल सर्वे, किसान गिरदावरी ऐप डाउनलोड, और अन्य योजनाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे। साथ ही, सहकार सदस्यता अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा, जो 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
शिविरों का आयोजन प्रत्येक सप्ताह गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। प्रत्येक पंचायत समिति में प्रतिदिन दो ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान की पूरी निगरानी जिला कलक्टर करेंगे और प्रत्येक शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
राजस्व विभाग के प्रमुख शासन सचिव दिनेश कुमार ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ घर के नजदीक उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें शहर जाकर बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में आए लोगों के कार्य प्राथमिकता से निपटाए जाएंगे और लंबित कार्यों की समयबद्ध समीक्षा की जाएगी।
स्वास्थ्य शिविर, यू.आई.डी. कार्ड वितरण, पशु स्वास्थ्य शिविर, स्कूलों की मरम्मत, भूमि संबंधी मामलों का निस्तारण, स्वामित्व योजना, दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना, बिजली रखरखाव, बीज मिनी किट वितरण, और प्रमाण पत्र बनाने जैसे कार्य शिविर में किए जाएंगे।
यह अभियान राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और सहयोग का नया अध्याय शुरू होगा।


















































