लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
31 दिसंबर को ‘पूंछरी का लौठा’ पहुँचेंगे, रात्रि विश्राम वहीं
डीग | राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को डीग जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पूंछरी का लौठा में विभिन्न स्थानीय एवं आरक्षित कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
हेलिकॉप्टर से होगा आगमन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 31 दिसंबर को प्रातः 11:50 बजे जयपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:35 बजे डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित हैलीपेड पर पहुँचेंगे।
हैलीपेड से 12:45 बजे कार द्वारा कार्यक्रम स्थल पहुँचकर मुख्यमंत्री स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। सभी कार्यक्रम पूंछरी का लौठा क्षेत्र में प्रस्तावित हैं।
1 जनवरी को जयपुर वापसी
नववर्ष के प्रथम दिवस 01 जनवरी 2026 (गुरुवार) को मुख्यमंत्री प्रातः 10:00 बजे पूंछरी का लौठा से कार द्वारा हैलीपेड पहुँचेंगे तथा 10:10 बजे हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला कलेक्टर उत्सव कौशल एवं जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
















































