लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बीएलओ को मिला प्रशिक्षण, पारदर्शिता के साथ शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक), लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संपूर्ण राजस्थान में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का कार्य मंगलवार से प्रारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
बीएलओ को मतदाता गणना प्रपत्र वितरित किए गए
इस अवसर पर पंचायत समिति अलीगढ़ के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ को मतदाता गणना प्रपत्र वितरण के लिए उपलब्ध करवाए गए। प्रशिक्षण का संचालन जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर जितेन्द्र कुमार, विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षक अरुण जैन एवं अनवर अहमद ने किया।
इन प्रशिक्षकों ने बीएलओ की विभिन्न शंकाओं का समाधान करते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी पूजा मीणा ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करें और निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पारदर्शिता के साथ पूर्ण करें।
अधिकारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार उनियारा, सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।


















































