लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, परिवार में छाया मातम
मकराना। शहर में बाईपास आरओबी के नीचे रेलवे ट्रैक पार करते समय एक दर्दनाक हादसे में युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जयपुर से जोधपुर की ओर जा रही मालगाड़ी ट्रैक से गुजर रही थी।
मृतक की पहचान शब्बीर अहमद (46) पुत्र फारूक अहमद, निवासी जुसरी, नूरानी मस्जिद के पास, मकराना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शब्बीर अहमद अपने घर जाने के लिए रेलवे पटरियां पार कर रहे थे, तभी अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शब्बीर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
सूचना मिलने पर जीआरपी चौकी इंचार्ज भंवरलाल बडारडा, आरपीएफ हेड कांस्टेबल नारायणराम तथा मकराना थाना के एएसआई अयूब खां मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाकर मोर्च्यूरी में रखवाया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी सुल्ताना और बेटी भी अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पत्नी द्वारा पुलिस को मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
बताया गया है कि शब्बीर अहमद के चार बेटियां हैं, जिनमें से दो विवाहित हैं और दो अविवाहित। वे शादियों में रोटियां बनाने का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।
















































