लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डिडवाना, नावा सिटी | (मनीष पारीक) डिडवाना जिले के नावा क्षेत्र के मारोठ ग्राम में सीकर-अजमेर मार्ग स्थित बाबा भैरवनाथ मंदिर परिसर में दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल मारोठ अध्यक्ष चुन्नीलाल माली के नेतृत्व में क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति, संगठन विस्तार की रणनीतियों तथा केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और जन-जन तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यशाला को जिला संगठन प्रभारी राजेंद्र बोराणा, विधानसभा प्रभारी विजय सिंह पलाड़ा, जिला उपाध्यक्ष राजेश गुर्जर, जिला महामंत्री देवीलाल दादरवाल, नमो ऐप प्रभारी रोहित सैन, किसान मोर्चा जिला संयोजक दातार सिंह राठौड़ एवं प्रशिक्षण प्रभारी अनिल सिंह शेखावत सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।