लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
धार्मिक उत्साह के साथ हुआ आयोजन, जल्द शुरू होगा मंदिर निर्माण कार्य
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान की ओर से संचालित माधव गौशाला परिसर में सोमवार को भव्य नर्बदेश्वर महादेव मंदिर के निर्माण की नींव रखी गई।
सांवरिया सेठ मंदिर के समीप बनने वाले इस मंदिर के लिए विधिवत भूमि पूजन अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर स्वामी अच्युतानंद और पंचमुखी दरबार के पुजारी मुरारी पांडे ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि “गौशाला परिसर में भगवान शंकर के नर्बदेश्वर रूप की स्थापना परम सौभाग्य की बात है। यह आयोजन राष्ट्र में धर्म और सनातन संस्कृति की मजबूती का प्रतीक है।”
भूमि पूजन का अनुष्ठान पंडित रमाकांत आचार्य, सुशील शुक्ला, प्रकाश व्यास और दीपक पाराशर सहित अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया।
मंदिर निर्माण में समाज का सहयोग
मंदिर निर्माण में वास्तुकार अनिल नियति, जगदीश चंद्र, नवनीत सोमानी, सुभाष बहेड़िया, गोविंद कंदोई, राकेश खोईवाल, भेरूलाल काबरा, राजेंद्र बियानी, शांतिलाल पोरवाल, सुनील न्याति, भंवरलाल दरगड़, डी.पी. अग्रवाल, गोविंद प्रसाद सोडाणी, कैलाश लड्ढा, अजीत सिंह और गिरिराज काबरा सहित कई श्रद्धालुओं ने योगदान दिया।
निर्माण कार्य में पुठोली के ठेकेदार लक्ष्मण और कारीगर नानूराम सहयोग करेंगे। मंदिर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
श्रीमद् भागवत कथा का होगा आयोजन
मंदिर निर्माण पूर्ण होने के उपरांत, इसे भक्तों के दर्शनार्थ समर्पित करने से पहले जोधपुर के गोवत्स राधा कृष्ण महाराज की श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा।















































