लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सेमारी (सलुम्बर): सलुम्बर जिले के सेमारी कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई। भीमसागर तालाब के नाले के किनारे बने बिना मुंडेर वाले कुएं में एक नीलगाय गिर गई। राहगीरों ने कुएं में गिरी गाय को देखा तो तत्काल गौशाला संचालक जगपाल सिंह जाट को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जगपाल सिंह जाट मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से रस्सियों की सहायता से नीलगाय को निकालने का प्रयास किया गया। जब प्रयास सफल नहीं हुआ तो जेसीबी मशीन की मदद ली गई और काफी मशक्कत के बाद नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लेकिन दुखद बात यह रही कि जैसे ही रस्सियां खोली गईं, नीलगाय अचानक दौड़ती हुई पास के एक अन्य कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का मानना है कि कुएं में किसी जहरीले जीव के काटने से भी उसकी मौत हुई हो सकती है।
गौशाला संचालक जगपाल सिंह जाट, उनके पुत्र राजा सेरावत और सहयोगी टीम ने काफी मेहनत से नीलगाय को पहले सुरक्षित बाहर निकाला था। लेकिन दूसरे कुएं में गिरने और उसकी मौत की खबर से सभी बेहद व्यथित दिखाई दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि जगपाल सिंह जाट और उनकी टीम हमेशा पशुओं की सुरक्षा, बीमार पशुओं के इलाज और देखभाल में सक्रिय रहते हैं। बावजूद इसके, आज हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने सभी को दुखी कर दिया।

















































