लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के पिपली अहिरान गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में पैंथर का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी देवीलाल अहीर के कुएं में पैंथर का शव दिखाई दिया। परिजनों द्वारा सूचना देने के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक अनुमान है कि प्यास के कारण पैंथर कुएं के पास आया होगा और असंतुलित होकर उसमें गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रक्षक सुमेर सिंह, विक्रम सिंह, पन्नालाल कुमावत और हरीश लोहार सहित टीम ने करीब 80 फीट गहरे कुएं से रस्सियों और खाट की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
वन विभाग के अनुसार, पैंथर के शव को पीपरड़ा नरसी ले जाकर पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पिपली अहिरान क्षेत्र में खदानों और पत्थरों के बीच पैंथरों की लगातार आवाजाही बनी रहती है।
पूर्व जिला परिषद सदस्य लेहरू लाल अहीर ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी पैंथर के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और कई मवेशियों का शिकार किया जा चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय पैंथरों को पकड़ने की मांग की है, ताकि डर का माहौल खत्म हो सके।
















































