लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रात में पेशाब के लिए घर से निकली थी श्वेता
गंगापुर सिटी के लाटा हाउस मीणा कॉलोनी में हादसा, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर। (बनी सिंह मीना) उदेई मोड़ थाना क्षेत्र के लाटा हाउस स्थित मीणा कॉलोनी में रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में बने खुले पानी के टैंक में गिरने से 16 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन बालिका को तत्काल टैंक से बाहर निकालकर राजकीय जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
रात में पेशाब के लिए निकली थी श्वेता
जानकारी के अनुसार श्वेता मीणा (16) पुत्री अरविंद मीणा निवासी किशोरपुर, थाना वजीरपुर, वर्तमान में लाटा हाउस स्थित मीणा कॉलोनी में रह रही थी। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच वह पेशाब करने के लिए घर से निकली थी।
इसी दौरान घर में बना पानी का टैंक खुला होने के कारण वह अचानक उसमें गिर गई। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने बालिका को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद श्वेता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर उदेई मोड़ थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बालिका की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिजन एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के तहत शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। परिजन शव को लेकर रवाना हो गए।
पुलिस ने खुले टैंक नहीं छोड़ने की अपील की
हादसे के बाद उदेई मोड़ थाना पुलिस ने लोगों से घरों में बने पानी के टैंकों को खुला नहीं छोड़ने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पानी के टैंक पर मजबूत ढक्कन लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से बंद रखा जाना चाहिए।
पुलिस के अनुसार खुले पानी के टैंक बच्चों के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं। थोड़ी सी सावधानी और सुरक्षा उपाय अपनाकर इस तरह के हादसों को रोका जा सकता है।




















































