लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | रिपोर्ट: रूपनारायण सांवरिया
जयपुर | भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, जयपुर में मंगलवार को उद्योग एवं वाणिज्य तथा खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी द्वारा कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कर्नल राठौड़ ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान भाजपा का सर्वोच्च दायित्व है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर सप्ताह में तीन दिन पार्टी कार्यालय में मंत्रियों और पदाधिकारियों द्वारा नियमित कार्यकर्ता सुनवाई की व्यवस्था की गई है।
मौके पर निस्तारित हुई कई शिकायतें
कार्यकर्ता सुनवाई में लगभग 90 परिवाद आए। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर तत्काल निर्देश देकर समाधान कराया गया। कुछ मामले संबंधित विभागों को अग्रेषित किए गए, जबकि नीतिगत विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। समस्याएं मुख्यतः राजस्व, बिजली–पानी, स्थानांतरण और विभागीय कार्यों से संबंधित थीं।
“हम दिल्ली सरकार के पास जाते हैं, कांग्रेस एक परिवार के पास”
कर्नल राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि
“कांग्रेसी दिल्ली एक परिवार के ढोक लगाने जाते हैं, हम दिल्ली देश की सरकार के पास जाते हैं।”
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार होने से केंद्र का सहयोग लगातार मिल रहा है और राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ जनता तक तेजी से पहुंचाने में जुटी है। पूर्व कांग्रेस सरकार में समन्वय की कमी से विकास कार्य रुक जाते थे, जबकि अब काम की गति बढ़ने से विपक्ष असहज है।
स्थानांतरण संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया शुरू होते ही प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर मामले मुख्यमंत्री के समक्ष भेजे जाएंगे।
राजस्थान निवेश का आकर्षक केंद्र
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान निवेश के लिए तेजी से उभर रहा है क्योंकि यह उत्तर भारत का सबसे शांत, सुरक्षित और सुन्दर प्रदेश है। राइजिंग राजस्थान और सिंगल विंडो क्लियरेंस के माध्यम से निवेश और रोजगार सृजन को गति दी जा रही है।
प्रवासी राजस्थान दिवस पर उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, संसाधन और CSR निवेश को प्रदेश विकास से जोड़ा जा रहा है, जिससे उत्कृष्ट परिणाम मिल रहे हैं।
कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम जारी रहेगा
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी और प्रदेश मंत्री नारायण मीणा भी उपस्थित रहे। भूपेंद्र सैनी ने बताया कि यह कार्यकर्ता सुनवाई है, जनसुनवाई नहीं—जनसुनवाई पहले की तरह मंत्रियों के निवास व सचिवालय में जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी समस्याएं मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष या जिला पदाधिकारी की अनुशंसा के साथ पार्टी कार्यालय लेकर आएं।
3 दिसंबर (बुधवार) को चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, राज्य मंत्री मंजू बाघमार, प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर और प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम कार्यकर्ता सुनवाई करेंगे।