लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मणिपाल यूनिवर्सिटी का ऑनलाइन शिक्षा पंचम दीक्षांत समारोह आयोजित
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को मणिपाल यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन शिक्षा पंचम दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री एवं पदक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय से अधिकाधिक रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम विकसित करने का आह्वान किया, जिससे युवाओं को भविष्य में बेहतर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्राप्त हो सकें।
कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को उद्योगों के साथ सतत संवाद स्थापित कर ऑनलाइन शिक्षा पद्धति को इस प्रकार विकसित करना चाहिए कि विद्यार्थियों की उद्यमशीलता क्षमता को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं नवाचार के माध्यम से ही युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
ऑनलाइन शिक्षा जीवनपर्यंत सीखने का प्रभावी माध्यम
राज्यपाल बागडे ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली जीवनपर्यंत शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी और महत्वपूर्ण है। इस पद्धति में विद्यार्थी अपनी आवश्यकता और रुचि के अनुसार पाठ्यक्रम का चयन कर अध्ययन कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा व्यवस्था कार्यरत युवाओं के लिए भी समान रूप से लाभकारी है।
नई शिक्षा नीति दूरदर्शी और समावेशी
राज्यपाल ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं, कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया है। यह नीति शिक्षा को समावेशी, व्यावहारिक और मूल्य आधारित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है।
नवाचार से ही बनता है इतिहास
उन्होंने कहा कि “जो नवोन्मेषी होता है, वही इतिहास रचता है।” शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में देश, संस्कृति और मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने पर बल दिया।
बालिका शिक्षा और चरित्र निर्माण पर विशेष बल
राज्यपाल ने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने तथा उन्हें संस्कार, नैतिकता और चरित्र निर्माण की शिक्षा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए विश्वविद्यालय को बधाई
इस अवसर पर राज्यपाल ने मणिपाल यूनिवर्सिटी को नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रिडियेशन काउन्सिल (NAAC) द्वारा ए प्लस ग्रेड प्रदान किए जाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ नवाचार अपनाते हुए विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहे।