लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर – सी. आर. पाटिल
भारत-यूएस ट्रेड डील से प्रदेश के व्यापारियों को होगा दोगुना लाभ – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि देश के उद्यमी विकसित भारत के वास्तविक शिल्पकार हैं। उद्योग और व्यापार न केवल अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजित करते हैं। इसी सोच के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 में उद्योग एवं व्यापार सुगमता के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से व्यापार करना और अधिक सरल होगा तथा उद्योगों को आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
केन्द्रीय मंत्री शनिवार को केन्द्रीय बजट 2026-27 पर व्यापारी एवं व्यावसायिक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
भारत की अर्थव्यवस्था को मिली नई गति
सी. आर. पाटिल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। मजबूत अर्थव्यवस्था का सीधा लाभ आमजन को मिला है, जिसके तहत आयकर सीमा में राहत दी गई है।
उन्होंने कहा कि कृषि भी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और केंद्र सरकार ने किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। बजट 2026-27 में समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है।
राजस्थान बनेगा जल उपलब्धता में अग्रणी राज्य
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान जल आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। संशोधित पीकेसी परियोजना के लिए 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही हरियाणा के साथ यमुना जल समझौते के तहत 90 किलोमीटर दूर से तीन पाइपलाइन के माध्यम से राजस्थान को पानी मिलेगा। इस परियोजना की डीपीआर भी तैयार हो चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान आने वाले समय में जल उपलब्धता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा, जिससे उद्योगों के विस्तार को भी बल मिलेगा।
जल संरक्षण में जनभागीदारी
पाटिल ने बताया कि प्रधानमंत्री के जल संचय–जन भागीदारी–जन आंदोलन के आह्वान पर कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत अब तक देशभर में 4 लाख 15 हजार से अधिक जल संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है। राजस्थान में भी प्रवासी राजस्थानियों के सहयोग से जल संरक्षण के कार्य हो रहे हैं।
व्यापारी राष्ट्र निर्माण के भागीदार – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। भारत ने ब्रिटेन और जापान जैसे देशों को पीछे छोड़ते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान हासिल किया है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि भारत-यूएस ट्रेड डील से प्रदेश के व्यापारियों को दोगुना लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नक्सलवाद और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त पहचान बनी है।
व्यापार और निवेश के लिए अनुकूल राजस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में व्यापार और उद्योग के विकास के लिए अनेक फैसले लिए हैं। राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। राजस्थान में उद्योगों के लिए असीम संभावनाएं हैं और सरकार हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी राज्य बजट में भी व्यापारी वर्ग सहित समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि व्यापारी केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए कार्य करता है। उन्होंने व्यापारियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
