लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रोचक व सरल हिंदी में मिलेगी गर्भावस्था और शिशु देखभाल की जानकारी
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) गर्भवती महिलाओं एवं आमजन को स्वस्थ मां और सशक्त शिशु के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चिकित्सा विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। विभाग ने “गर्भ की पाठशाला” नाम से एक विशेष यूट्यूब चैनल की शुरुआत की है, जिसमें गर्भावस्था एवं शिशु देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी रोचक, वैज्ञानिक और आसान हिंदी भाषा में उपलब्ध कराई जा रही है।
यह पहल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में निरामय राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आसान भाषा में समझाई जा रही जटिल चिकित्सा जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने बताया कि इस यूट्यूब चैनल की शुरुआत अतिरिक्त मिशन निदेशक एएनएम एवं निदेशक आईईसी, डॉ. टी. शुभमंगला (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) के मार्गदर्शन में की गई है।
उन्होंने बताया कि चैनल पर उपयोग किए गए चिकित्सा शब्दों को सरल हिंदी में समझाया गया है, ताकि गर्भवती महिलाएं गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों, संभावित जोखिमों, एनीमिया प्रबंधन एवं शिशु देखभाल की सही जानकारी प्राप्त कर सकें।
आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रचार
चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में आशा सहयोगिनी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस यूट्यूब चैनल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।
फिल्मों और डायग्राम के माध्यम से दी जा रही जानकारी
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश वर्मा ने बताया कि चैनल पर फिल्मों, एनीमेशन और डायग्राम के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विषयों को समझाया जा रहा है। इनमें—
-
गर्भावस्था की पहचान
-
एनीमिया की रोकथाम
-
गर्भधारण पूर्व परामर्श
-
गर्भावस्था में उल्टी एवं पोषण
-
सुरक्षित गर्भपात
-
प्री लेबर रूप्चर ऑफ मेम्ब्रेन
-
सिजेरियन के बाद गर्भावस्था व सामान्य प्रसव
-
लेट टर्म एवं पोस्ट टर्म गर्भावस्था
जैसे विषय शामिल हैं।
प्रसव के बाद शिशु देखभाल पर विशेष फोकस
इसके साथ ही चैनल पर नवजात शिशु की देखभाल, कंगारू मदर केयर, पूरक आहार, बच्चों में अंतर रखने के उपाय एवं आईयूसीडी जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जा रही हैं।
चिकित्सा विभाग की अपील
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे “गर्भ की पाठशाला” यूट्यूब चैनल से जुड़कर उपलब्ध जानकारियों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य की दिशा में जागरूक बनें।