लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बग्गड़ रा.उ.मा. विद्यालय में विद्यार्थियों का सम्मान, विदाई एवं स्नेहभोज आयोजित
पादूकलां। शिक्षा के क्षेत्र में भामाशाहों की भूमिका को सशक्त करते हुए निकटवर्ती ग्राम पंचायत बग्गड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भामाशाह सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भामाशाह हनुमान प्रसाद राव रहे, जिन्होंने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यार्थियों के लिए दाल-बाटी-चूरमा स्नेहभोज का आयोजन कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान व्याख्याता रामकिशोर पिचकिया द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रदीप चौधरी सहित राजनीति विज्ञान विषय में 90 से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी विदाई
कार्यक्रम में वर्तमान कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय को मिली शैक्षणिक सौगात
समारोह के दौरान शिक्षिका सुश्री किरण चौधरी ने विद्यालय को पाँच व्हाइट बोर्ड भेंट कर शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भामाशाह का सम्मान, आयोजन में उमड़ा जनसमूह
प्रधानाचार्य रामस्वरूप प्रजापत एवं उपप्रधानाचार्य संदीप कुमार वर्मा ने भामाशाह हनुमान प्रसाद राव का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत किया।