लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डोटासरा और जूली ने फिर उजागर किया कांग्रेस का “झूठ बोलो और भाग जाओ” चरित्र: अरूण चतुर्वेदी
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। अरूण चतुर्वेदी ने कांग्रेस नेताओं के चाल, चरित्र और चेहरे पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस का चरित्र “झूठ बोलो और भाग जाओ” वाला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में राजस्थान विधानसभा में हुए घटनाक्रम ने इसे फिर साबित कर दिया।
चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने अपना चेहरा बेनकाब होने के डर से सदन में हंगामा किया, झूठ बोला और कार्यवाही बाधित कर 8 करोड़ प्रदेशवासियों के धन का दुरुपयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को उनके ही दल के नेताओं ने बोलने से रोकने का प्रयास किया, जो कांग्रेस की आंतरिक कलह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने सदन में हंगामा कर लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन किया।
चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार के दो वर्ष का रिपोर्ट कार्ड ‘सरकार @ 2 वर्ष प्रगति एवं उत्कर्ष 2024–25–26’ सदन में प्रस्तुत कर तुलनात्मक बहस की चुनौती दी थी। यह दस्तावेज 16 फरवरी को कार्य सलाहकार समिति की बैठक में रखा गया और 16 से 21 फरवरी तक सभी विधायकों को उपलब्ध रहा। इसके बावजूद कांग्रेस ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। 21 फरवरी को चर्चा प्रारंभ होते ही कांग्रेस ने हंगामा कर कार्यवाही बाधित की।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र 2023 के 392 बिंदुओं में से लगभग 285 (करीब 73 प्रतिशत) वादे पूरे कर दिए हैं या प्रक्रियाधीन हैं। बजट घोषणाओं में से लगभग 66 प्रतिशत घोषणाएं पूर्ण या प्रगति पर हैं। भाजपा सरकार ने दो वर्षों में 2719 बजट घोषणाएं कीं, जिनमें से 90 प्रतिशत की स्वीकृतियां जारी हो चुकी हैं और 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं।
इसके विपरीत, चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में पांच वर्षों में की गई 4148 घोषणाओं में से 2208 (लगभग 53 प्रतिशत) पूरी नहीं हो सकीं। वर्ष 2023–24 में की गई 1426 घोषणाओं में से 1142 (करीब 80 प्रतिशत) पर कोई कार्य नहीं हुआ।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम तथा भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक उपस्थित रहे।

















































