लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। रविवार शाम भीतरी शहर के व्यस्त सोजती गेट इलाके में बड़ा हादसा हो गया, जब मुख्य बाजार में स्थित तीन मंजिला पुराना मकान अचानक ढह गया। इलाके में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में मकान गिरते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरा मकान मलबे में तब्दील होता दिखाई देता है।
शादी की तैयारियों के चलते बच गई कई जानें
मकान मालिक मोहम्मद साबिर ने बताया कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। महिलाएँ खरीदारी के लिए बाहर गई थीं और बच्चे दुकान पर थे। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। उन्होंने कहा, “गनीमत रही कि सभी बाहर थे, वरना हालात बहुत गंभीर हो सकते थे।”
पड़ोस की खुदाई से कमजोर हुई नींव
सदर बाजार थाना के सब-इंस्पेक्टर गोवर्धन राम के अनुसार पास ही स्थित रमजान खान के प्लॉट पर विवाद के कारण रुका निर्माण हाल ही में शुरू किया गया था। प्लॉट में बड़ी मात्रा में मिट्टी हटाई गई, जिससे साबिर के मकान की नींव कमजोर हो गई और यह हादसा हो गया।
साबिर ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक साल से बार-बार रुकते–चलते निर्माण कार्य की वजह से घर की नींव कमजोर हो चुकी थी।
इलाका सील, बचाव दल तैनात
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग को सील कर दिया। राहत एवं बचाव दल की टीम मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका देखते हुए जांच में जुटी है।
फिलहाल किसी घायल या लापता व्यक्ति की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं पर रोष जताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि नींव कमजोर होने की जिम्मेदारी किसकी है।
















































