लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने किया ध्वजारोहण
जयपुर । जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में विकास आयुक्त ने जेडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है तथा देशहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। 
सिद्धार्थ महाजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनहित और जयपुर शहर के सुनियोजित एवं सतत विकास के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जेडीए के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।




















































