लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमणों के विरुद्ध अभियान के तहत शुक्रवार को जोन-14 एवं जोन-23 में दो बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 3 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया, वहीं एक सरकारी आम रास्ते से अतिक्रमण हटाकर उसे आवागमन के लिए पुनः सुचारू किया गया।
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देश पर प्रवर्तन शाखा ने यह कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-14 के ग्राम चंदलाई, आशियावास रोड क्षेत्र में करीब 3 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना स्वीकृति और बिना भूमि रूपांतरण के “ग्रीन वैली” नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। 
मौके पर मिट्टी-ग्रेवल सड़कें, डिमार्केशन और अन्य निर्माण कार्य प्रारंभिक स्तर पर पाए गए, जिन्हें जेसीबी और मजदूरों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध विकास पर किए गए खर्च की वसूली संबंधित व्यक्तियों से की जाएगी।
वहीं जोन-23 के ग्राम उदयपुरिया, तहसील चाकसू क्षेत्र में खसरा संख्या 921 एवं 924/1238 स्थित गैर मुमकिन सरकारी आम रास्ते पर लगभग 200 मीटर लंबाई में अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। स्थानीय काश्तकार द्वारा तारबंदी एवं मिट्टी की डोल बनाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
जेडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाकर सरकारी रास्ते को पुनः अतिक्रमण मुक्त कराया।
यह कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रवर्तन अधिकारी जोन-14 एवं जोन-23, उपनियंत्रक प्रवर्तन-चतुर्थ तथा राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी में की गई।


















































