सिंदूर यात्रा का आगाज
आरएन सांवरिया
जयपुर। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक और पीओके में करीब 100 आतंकियों को मारकर पाक के घुटनों पर लाने वाली भारतीय सेना के सम्मान में मातृशक्ति ने मंगलवार को जयपुर में सिंदूर यात्रा निकाली।
सांसद मंजू शर्मा की अगुवाई में निकाली गई इस यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपनी पत्नी गीता शर्मा के साथ शामिल हुए। । यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लहराती चल रही महिलाओं ने देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजा दिया । इस दौरान लोगो ने पुष्पवर्षा करके नारीशक्ति का सम्मान किया।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि नारीशक्ति देश के अंदर और बाहर हर स्थिति से निपटने को तैयार है , दुश्मनों के मंसूबों को किसी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा । उन्होंने कहा कि जब भी देश पर संकट आएगा मेरे जयपुर की जनता सैनिको के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता जनजन तक पहुँचेगी- भजनलाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिये पाकिस्तान को भारत की ताकत का अहसास भी कराया। उन्होंने कहा कि सिंदूर बहनों के माथे की शोभा होने के साथ ही हमारी संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की गाथा जन-जन तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता देशवासियों के संकल्प और जज्बे का प्रतीक है, भारत की अखण्ड एकता ने आतंकवादियों को कड़ा संदेश दिया है कि आततायियों को सबक सिखाने के लिए देशवासी पूरी तरह एकजुट है। इस दौरान शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बहादुर जवानों को धन्यवाद दिया तथा वीर शहीदों को नमन किया।
मातृशक्ति के जोश और देशभक्ति की भावना सराहनीय:— गीता देवी
सिंदूर यात्रा में मुख्यमंत्री की भजनलाल शर्मा की धर्मपत्नी गीता देवी शामिल हुई उन्होने माताओं और बहनों के जोश और देशभक्ति की भावना की सराहना की। गीता देवी ने यात्रा में साथ चल रही महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसे उदाहरणों ने नारी शक्ति के शौर्य और देशभक्ति को न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया के सामने गौरवपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ महिलाओं की भूमिका को सम्मान और प्रेरणा प्रदान करती हैं।
यहाँ से निकली यात्रा
हवामहल से प्रारंभ हुई यात्रा बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार से होती हुई छोटी चौपड़ पर सम्पन्न हुई।
ये भी हुए यात्रा में शामिल–
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर सांसद डॉ. मंजू शर्मा, जयपुर नगर निगम हैरिटेज मेयर कुसुम यादव, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर, प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश मंत्री स्टेफी चौहान, अभियान सह-संयोजक अपूर्वा सिंह, भाजपा नेता रवि नैय्यर, चन्द्रमनोहर बटवाडा, मोहन लाल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रहीं।

















































