लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौथी विशाल कांवड़ यात्रा में 200 से अधिक कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने संभाली व्यवस्थाएं, शिवबाड़ी पहुंचकर किया महादेव का जलाभिषेक
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) धार्मिक उत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में नागौर शहर में चौथी विशाल कांवड़ यात्रा भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच निकली यात्रा का शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। आयोजन के दौरान करीब 11 क्विंटल पुष्पों से कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 7:30 बजे संत-महात्माओं के सानिध्य में हुआ। महंत जानकीदास महाराज, स्वामी लक्ष्मीनारायण दास महाराज, संत गोविंदराम शास्त्री, रामनामी महंत मुरलीराम महाराज और साध्वी सुखीबाई के सानिध्य में पंडित सुनील दाधीच ने शक्कर तालाब के किनारे सरोवर की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद कैलाश शर्मा एवं उनकी टीम ने शंख वादन किया और संत-महात्माओं के सानिध्य में चैनार से कांवड़ यात्रा रवाना हुई। 
जगह-जगह पुष्पवर्षा, 21 स्वागत द्वार बनाए
कांवड़ यात्रा के मार्ग में सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई। शहरवासियों ने जेसीबी के माध्यम से भी कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की।
धार्मिक उत्सव आयोजन समिति की ओर से यात्रा मार्ग पर 21 स्वागत द्वार बनाए गए। यात्रा चैनार से रवाना होकर विजय वल्लभ चौक, दिल्ली गेट, ए रोड और गांधी चौक होते हुए शिवबाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पुष्कर से लाए गए पवित्र जल से भगवान महादेव का जलाभिषेक किया।
झांकियों ने बढ़ाई यात्रा की शोभा
कांवड़ यात्रा में विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिव बारात, अघोरी नृत्य, महाबली हनुमान, काली माता का विकराल स्वरूप, राम दरबार और शिव परिवार की झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। वहीं उज्जैन से लाई गई महाकाल की विशेष झांकी ने भी यात्रा की शोभा बढ़ाई।
शिवबाड़ी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुचारु जलाभिषेक के लिए बैरिकेडिंग कर कतारबद्ध व्यवस्था की गई। जलाभिषेक की व्यवस्थाएं दिलीप भोजक और सुखदेव मनिहार के नेतृत्व में संभाली गईं।
121 किलो की कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़िए
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। हुलास भाटी और तेजू भाटी ने 121 किलो की कांवड़, जबकि कमल कच्छावा ने 41 किलो की कांवड़ लेकर यात्रा में भाग लिया। वहीं महज 5 वर्षीय बालिका ने भी कांवड़ उठाकर भगवान महादेव का जलाभिषेक किया।
आयोजकों के अनुसार टीम राजकुमार टाक पिछले दो वर्षों से कांवड़ यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जलाभिषेक के बाद धर्मसभा और भस्म आरती
जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर में धर्मसभा और भस्म आरती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी लक्ष्मीनारायण दास महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हिंदू समाज और सनातन धर्म को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज मजबूत और संगठित बने, इसके लिए सनातन संस्कृति का यह प्रवाह निरंतर जारी रहना चाहिए।
मंदिर ट्रस्ट ने किया कांवड़ यात्रियों का स्वागत
चौथी विशाल कांवड़ यात्रा के शिवबाड़ी पहुंचने पर श्री शानेश्वर महादेव मंदिर परिसर और सभा मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया। शिवभक्तों के बैठने, ठंडी हवा और शीतल जल की व्यवस्था की गई।
मंदिर ट्रस्ट के मंत्री दिलीप पित्ती ने बताया कि कांवड़ यात्रियों के जलाभिषेक के लिए बैरिकेडिंग कर पंक्तिबद्ध व्यवस्था की गई। इसमें दिलीप भोजक, सुखदेव मनिहार, शिवकुमार राव, दिलीप पित्ती, वासुदेव अग्रवाल, रामसा राठी, प्रमिल नाहटा और विमल समदड़िया सहित ट्रस्ट के सदस्यों ने सहयोग किया।
इस अवसर पर विधायक रेवंतराम डांगा, समाजसेवी रामेश्वर सारस्वत, सूरजमल भाटी और संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। महाकाल दरबार की प्रतिमा की विशेष पूजा-अर्चना कर सर्वमंगल की कामना की गई।
एकादशी को ध्यान में रखकर फलाहार की व्यवस्था
कांवड़ यात्रा के शिवबाड़ी पहुंचने पर लायंस क्लब नागौर-अहिंछत्रपुर की ओर से शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों के लिए अल्पाहार एवं फलाहार की व्यवस्था की गई। एकादशी के व्रत को ध्यान में रखते हुए फलाहार की विशेष व्यवस्था की गई।
क्लब के प्रवक्ता मुनेन्द्र सुराणा ने बताया कि अध्यक्ष नितिन मित्तल सहित क्लब के सदस्यों ने व्यवस्था में सहयोग किया। इस दौरान सुरेश पारीक, दिलीप पित्ती, प्रमिल नाहटा, जुगल ख्यातानी, पवन श्रीमाली, मनीष बंसल, शिवकुमार राव सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और डी सेवन डोर फाउंडेशन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सामाजिक संगठनों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में युवा टीम चैनार, विश्व हिंदू परिषद, धार्मिक उत्सव आयोजन समिति, डी सेवन डोर फाउंडेशन, लायंस क्लब अहिंछत्रपुर, नाहर सिंह युवा सेवा समिति ताऊसर, जयतु भारतम् ग्रुप और आप और हम ग्रुप सहित विभिन्न संगठनों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, समाजसेवी भोजराज सारस्वत, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सूरजमल भाटी, लायंस क्लब के दिलीप पित्ती, राजेश रावल, मुनेन्द्र सुराणा, प्रमिल नाहटा, विमलेश समदड़िया, शिवकुमार राव, नरेश कच्छावा और नागरचंद भार्गव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं संत-महात्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीष शर्मा ने किया, जबकि आयोजन के सफल समापन पर संयोजक लोकेश टाक ने सभी सहयोगी संगठनों, कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।


















































