लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
“एक पेड़ मां के नाम : मिशन हरियालो राजस्थान” अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज सभागार में “एक पेड़ मां के नाम : मिशन हरियालो राजस्थान” अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों तथा गत वर्षों में किए गए पौधारोपण कार्यों की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए “एक पेड़ मां के नाम 2.0 : मिशन हरियालो राजस्थान” अभियान को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर आगे बढ़ा रही है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 में 3.61 करोड़ पौधारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि लगाए गए पौधे जीवित रहें और आगे चलकर पेड़ बनें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित मॉनिटरिंग, सुरक्षा एवं देखरेख भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों और कार्मिकों से पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। अभियान के तहत प्रति विद्यार्थी प्रतिमाह 20 पौधे तथा अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा 40 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने दोनों विभागों को इसके लिए स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री दिलावर ने विभिन्न विभागों से पौधारोपण की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली तथा मानसून को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधारोपण हेतु स्थान चिन्हीकरण, पौधों की उपलब्धता तथा रखरखाव की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने गत वर्षों में लगाए गए जीवित पौधों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पौधे सूख गए या नष्ट हो गए हैं, वहां नए पौधे लगाकर तत्काल रिप्लेस किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मंत्री दिलावर ने बताया कि वर्ष 2024 में 100 लाख से अधिक तथा वर्ष 2025 में 288 लाख से अधिक पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण प्रदेश में हरित अभियान को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन है। सभी लोग अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित राजस्थान मिल सके।
बैठक में राजेश यादव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, डॉ. जोगाराम, शासन सचिव पंचायती राज विभाग, बृजेश कुमार चंदोलिया, अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव पंचायती राज, मुकेश माहेश्वरी, नोडल अधिकारी पौधारोपण सहित ग्रामीण विकास विभाग, हॉर्टिकल्चर विभाग एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















































