गोमती–दैलवाड़ा मार्ग पर ‘लेन सिस्टम’ अभियान, पुलिस ने चालकों को किया जागरूक

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमंद। (गौतम शर्मा) जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में गोमती–दैलवाड़ा मार्ग पर ऑनलाइन इंटरसेप्टर टीम द्वारा ‘लेन सिस्टम’ अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर प्रभारी हेड कांस्टेबल हरदम सिंह, कांस्टेबल मुकेश एवं चालक कल्याण सिंह की टीम मौके पर तैनात रही।

टीम ने ट्रक, कार और मोटरसाइकिल चालकों को रोककर सुरक्षित ड्राइविंग के नियम समझाए और उन्हें यातायात के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पुलिस ने भारी वाहनों और कार चालकों को अपनी निर्धारित लेन में ही वाहन चलाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

पुलिस ने ओवरस्पीडिंग के खतरों के बारे में भी बताया और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। साथ ही कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्क हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इंटरसेप्टर टीम लगातार विभिन्न मार्गों पर निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाइश दे रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here